फर्रुखाबाद में वैश्य एकता परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष के सिर पर वजनदार वस्तु से वार कर मंगलवार की रात हत्या कर दी गई। उनका शव घर से कुछ दूरी पर गली में पड़ा मिला। हत्या के पीछे प्रापर्टी का विवाद बताया जा रहा है। शहर के मोहल्ला नारायणदास गली निवासी वैश्य एकता परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता (62) की शादी नहीं हुई थी।
संपत्ति को लेकर उनका अपने एक भाई से विवाद चल रहा था। दो वर्ष पहले भी उन्हें गोली मारी गई थी। इस मामले में उन्होंने अपने भाई व शहर के दो बड़े साड़ी कारोबारी भाइयों पर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी भाई जेल भी गया था। बाद में भाई से समझौता हो गया था और वह दिल्ली जाकर रहने लगा था। सतीश मकान में अकेले रहते थे।
मंगलवार की रात करीब नौ बजे उनका शव पड़ोसी मिंटू ने गली में खड़ी कार के पीछे पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सतीश के सिर पर वजनदार वस्तु से वार किया गया था। शरीर पर घिसटने के निशान थे। जानकारी मिलने पर उनके भतीजे अंकित गुप्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि चाचा का प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है। शव मिलने के स्थान से दस मीटर दूर स्थित उनके घर में जाकर जब पुलिस ने छानबीन की तो वहां कुछ देर पहले संघर्ष होने के निशान मिले। इससे आशंका है कि घर के भीतर हत्या कर सतीश का शव गली में फेंका गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।