जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे की मां कुसुमलता दुबे की फर्म को ब्लैकलिस्ट किए जाने का आदेश हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। वहीं गैंगस्टर के मामले में अनुपम का भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन कोर्ट में पेश हुआ। कोर्ट ने 12 दिसंबर की तिथि तय कर दी है। डब्बन ने आरोप लगाया कि तारीख के दिन ही पुलिस ने गैंगस्टर की तारीख का नोटिस उन्हें मोबाइल पर भेजा, जबकि गैंगस्टर के अन्य लोगोें को नोटिस भेजा भी नहीं गया। डॉ. अनुपम दुबे की मां कुसुमलता दुबे की फर्म के भुगतान पर प्रशासन ने रोक लगाई थी। इसके बाद कुसुमलता की फर्म ब्लैकलिस्ट घोषित कर दी गई। इसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए कुसुमलता दुबे की फर्म को ब्लैकलिस्ट न करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि यह न्यायसंगत नहीं है। फर्म को काली सूची में डालने से पहले नोटिस और सवाल जवाब आवश्यक थे, जो नहीं किए गए। जिसके कारण ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई निरस्त की जाती है। वहीं मंगलवार को डब्बन गैंगस्टर के मामले में कोर्ट में पेश हुआ। कोर्ट ने अगली तिथि 12 दिसंबर तय की है। डब्बन ने आरोप लगाया कि गैंगस्टर कोर्ट में मंगलवार को पेशी थी। पुलिस ने उसके मोबाइल पर मंगलवार सुबह 8.16 बजे नोटिस भेजा, जबकि नोटिस उन्हें पहले दिया जाना चाहिए था।
गैंगस्टर मुकदमे के अन्य लोगों को कोर्ट में उपस्थित होने के नोटिस भी नहीं दिए गए। डब्बन ने कहा कि न्यायपालिका पर उसे पूरा भरोसा है। कोर्ट ने मां कुसुमलता की फर्म को ब्लैकलिस्टेड करने का आदेश निरस्त कर दिया है। इससे अब न्याय की उम्मीद जगी है।