फर्रुखाबाद जिले में आरोपी के धमकाने पर दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने पर परिजनों ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। परिजनों ने बताया कि किशोरी के इलाज में 11 दिनों के भीतर करीब दो लाख रुपये खर्च हो गए हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने मंगलवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि 16 वर्षीय पुत्री के साथ एक वर्ष पहले गांव के ही दो युवकों ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा था। दोनों आरोपी कोर्ट से जमानत पर छूट गए। एक आरोपी पुत्री से जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है। दूसरी जगह शादी करने पर धमकी देता है।