फर्रुखाबाद के कंपिल में फावड़े से सिर व गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर महिला की हत्या कर दी गई है। पुलिस महिला के पति व पड़ोसी युवक की तलाश कर रही है। पति, पड़ोसी युवक के घर पर आने-जाने का विरोध करता था। इसकी चलते हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस को मौके से खून से सनी खुरपी, फावड़ा व महिला के टूटे बाल मिले हैं।
कस्बे के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी रामऔतार बाथम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पहले वह गुजरात में भट्ठे पर काम करता था। कोरोना के कारण काफी समय से यहीं मजदूरी कर रहा है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि रामऔतार जब मजदूरी करने जाता था तो पड़ोसी युवक घर आता था। रामऔतार को युवक के घर आने पर आपत्ति थी।
इस बात को लेकर पत्नी अनीता देवी (35) से अक्सर झगड़ा होता था। पिछले पांच दिनों से दंपती में विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इस पर बेटी रोशनी (10), ज्योति (8), सुहानी (6) दो वर्षीय बहन दिव्यांशी को गोद में लेकर कुछ दूर पर रह रहे चाचा संतोष व हीरालाल के घर चली गई।