अलीगंज रोड स्थित रेलवे क्राॅसिंग के पास बाइक आगे पीछे करने को लेकर भाजयुमो पदाधिकारी व होमगार्ड के बीच कहासुनी हो गई। कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे मंडल अध्यक्ष की होमगार्ड ने पिटाई कर दी। इससे गुस्साए भाजपा नेता थाने पहुंच गए। उन्होंने होमगार्ड पर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
मोहल्ला छपट्टी निवासी भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष अंबुज गंगवार अलीगंज रोड स्थित रेलवे क्राॅसिंग के पास खड़े थे। बाइक आगे-पीछे करने को लेकर होमगार्ड से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद अंबुज थाने पहुंचे तो वहां पर मौजूद होमगार्ड ने उसकी पिटाई कर दी। इस पर अंबुज ने पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। जानकारी पर पूर्व विधायक अमर सिंह खटिक, ब्लाॅक प्रमुख पति अरुण दुबे, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुनील चक, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, नगर अध्यक्ष देवेंद्र दुबे, शोभित पाठक सहित कई कार्यकर्ता थाने पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा ने उनसे बातचीत की। भाजपा नेताओं ने होमगार्ड पर कार्रवाई की मांग की। काफी देर शिकवा शिकायत के बाद मामला हल हुआ। प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा ने भाजपा नेताओं को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो होमगार्ड के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।