घर से बिना बताए निकले दोस्तों ने जहर निगल लिया। भनक लगते ही पहुंचे परिजन दोनों को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस की जांच में तथ्य सामने आया है कि मरने वाला युवती को बहला फुसला कर लाया था। पांच दिन पहले हरियाणा पुलिस युवती को ले गई थी। युवती के प्यार में दोनों के आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।
कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर निवासी राजपाल का पुत्र दीपांशु शर्मा उर्फ सूरज (19) और आकाश पाल (18) के आमने-सामने मकान हैं। आकाश, उसके पिता प्रमोद कुमार तथा सूरज दिल्ली में नौकरी करते हैं। रक्षाबंधन से पहले ही दोनों घर आए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दोनों घरों से निकल गए। दोपहर करीब डेढ़ घंटे बाद घर से कुछ दूरी पर बेहोशी हालत में पड़े होने की सूचना मिली। इस पर पहुंचे परिजन दोनों को लोहिया अस्पताल ले गए। वहां दीपांशु उर्फ सूरज को मृत घोषित कर दिया गया। आकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है।