उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के मेरापुर थानाक्षेत्र में संदिग्ध हालात में आग लगने से विवाहिता की झुलसकर मौत हो गई। धुआं उठने पर पहुंचे पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की तो उनके हाथ भी झुलस गए। घर का पूरा सामान भी जल गया। उसके ढाई-ढाई साल की जुड़वां बेटियां हैं।
मेरापुर थानाक्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी मोहित पाल की पत्नी रिंकी (24) सोमवार सुबह घर में अकेली थी। परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। साढ़े नौ बजे एक कमरे में आग लग गई। चीख-पुकार और धुआं देखकर पड़ोसी पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
इसमें दो पड़ोसियों के हाथ भी झुलस गए। सूचना पर घर पहुंचे, परिजन एंबुलेंस से रिंकी को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, यहां इलाज शुरू होता कि उससे पहले ही मौत हो गई। जेठानी प्रेमलता ने बताया कि रिंकी गैस पर खाना बना रही थी। उसी वक्त आग लग गई। मकान का पूरा सामान भी जल गया।
रिंकी के ढाई-ढाई साल की जुड़वां बेटी नेहा और निधि हैं। रिंकी की शादी 2015 में हुई थी। उसका मायका बेवर थाने के गांव कौआटांडा में है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मायके वालों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।