इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे स्कूली बच्चों को लेकर जा रही वैन में पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे के समय वैन में 14 बच्चे सवार थे, इसमें छह बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मोहल्ला अंबेडकरनगर तकीपुर स्थित मदर मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों को छुट्टी के बाद एक वैन घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान बेवर से फर्रुखाबाद की ओर आ रही डीसीएम ने वैन में टक्कर मार दी। वैन में बैठे बच्चों में चीख पुकार मच गई। कक्षा 10 की छात्रा रोशनी, कक्षा 5 में पढ़ने वाली शेजल, कक्षा 3 की परी, कक्षा एक की सावी और पीहू तथा कक्षा 2 के अन्यांश सहित छह बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।