फर्रुखाबाद जिले में नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा कूंचा में बच्चों ने कूड़े के ढेर से मिस पटाखे इकट्ठा कर उनकी बारूद निकाल कर जलती आग में डाल दी। इससे जोरदार हुए धमाके से पांच बच्चे बुरी तरह झुलस गए।
सभी बच्चों को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मोहल्ला गंगा दरवाजा कूंचा में खाली खंडहर पड़ा है। मोहल्ले के लोग उसमें अपना कूड़ा डाल देते हैं। इसी कूड़े के ढेर में दीपावली के मिस पटाखे भी पड़े थे।
मोहल्ले के बच्चों ने इस कूड़े के ढेर से मिस पटाखे इकट्ठा कर लिए। पटाखों में भरी बारूद को इकट्ठा कर एक कागज में बांध लिया। इसके बाद बच्चे मोहल्ले के राजकिशोर के दरवाजे पर पहुंचे। वहां खेल खेल में उन्होंने ईंटों का एक घेरा बनाया।
उसी घेरे में आग जलाई। जलती हुई आग में कागज में एकत्र पटाखों की बारूद को डाल दिया। इससे उसमें जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से आसपास हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों से निकलकर मौके पर पहुंचे।
वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई। धमाके में मोहल्ले के देवांश उर्फ राघव (5) पुत्र आलोक कौशल, वंश (7) पुत्र किशन कौशल, कार्तिक (8) पुत्र शिवमंगल, चिराग (7) पुत्र शिवरतन, अली वारिश (10) पुत्र दानिश बुरी तरह झुलसे हुए अलग-अलग स्थानों पर पड़े थे।
लोगों ने झुलसे बच्चों को सीएचसी पहुंचाया। वहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बारूद के धमाके ने काफी क्षेत्र को कवर किया। धमाके ने राजकिशोर के दरवाजे को भी चपेट में ले लिया। दरवाजे व चबूतरे पर बारूद व ईंटों के टुकड़े लगने के निशान दिखाई दे रहे हैं।