कानपुर देहात। आलू की खेती करने वाले किसानों को इस सीजन में उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। उद्यान विभाग की ओर से आलू के बीज की खरीद पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद ने बताया कि किसानों को कुफरी बहार, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन और कुफरी चिप्सोना जैसी उन्नत प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इन बीजों की बिक्री दर 3040 रुपये से 3630 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। इच्छुक किसानों को विभाग के पोर्टल www.potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन के दौरान किसानों के लिए कम से कम दो प्रजातियों का चयन करना अनिवार्य किया गया है। स्पष्ट किया है कि आलू के बीज की बिक्री पहले नकद भुगतान के आधार पर की जाएगी, इसके बाद पात्र किसानों के बैंक खाते में प्रति क्विंटल 1000 रुपये की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इस वित्तीय सहायता से किसानों को कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिल सकेंगे, जिससे जनपद में आलू की पैदावार और खेती को बढ़ावा मिलेगा। (संवाद)