यूपी में कन्नौज जिले के हसेरन क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे छुट्टा जानवरों से निजात दिलाने में प्रशासनिक विफलता से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को पशुओं को ब्लॉक दफ्तर में बंद कर दिया। पचास से ज्यादा पशुओं की घुसपैठ होती देख दफ्तर में मौजूद ब्लॉक कर्मियों में हड़कंप मच गया। रोकने की कोशिश पर उग्र तेवर में आए ग्रामीणों ने जमकर नोकझोंक की। इस बीच एक सांड़ के हमले से एडीओ पंचायत यदुनंदन लाल जख्मी हो गए।
ब्लॉक ऑफिस में छुट्टा जानवरों की घुसपैठ की जानकारी पर तिर्वा के एसडीएम रामदास मौके पर पहुंचे। एसडीएम और बीडीओ ने ग्रामीणों को समझाया कि छुट्टा जानवरों के लिए संरक्षण केंद्र जल्द चालू कर लिए जाएंगे।