कानपुर नगर के शिवराजपुर कस्बे स्थित किसान इफको केंद्र पर डीएपी और यूरिया खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों से आए किसान खाद की एक-एक बोरी हासिल करने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
कतार में खड़े रहे किसान, नहीं आया नंबर
इफको केंद्र पर लाइन में खड़े आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि वे सुबह चार बजे से ही अपने-अपने काम छोड़कर केंद्र के बाहर लाइन में आकर लग गए थे। भीषण गर्मी और घंटों के इंतजार के बाद भी दोपहर तक उनका नंबर नहीं आ सका।
बुआई प्रभावित होने का सता रहा डर, प्रशासन से गुहार
स्थानीय किसानों का कहना है कि फसलों के इस महत्वपूर्ण सीजन में अगर सही समय पर खाद नहीं मिली तो उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगी। खाद की भारी किल्लत के कारण किसानों को अपनी कृषि पैदावार को लेकर गहरा संकट सताने लगा है।