इस हादसे में बाइक पर सवार मुख्य आरक्षी, होमगार्ड चालक और एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस की सरकारी बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
शिकायत की जांच कर लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:45 बजे पीआरवी पर तैनात मुख्य आरक्षी सुनील कुमार और चालक होमगार्ड शीलू कुमार रुपये के लेनदेन से जुड़ी शिकायत की जांच के लिए छछूंद गांव गए थे। जांच के बाद वे गांव गौतला निवासी रामकिशोर को बाइक से लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
सीएचसी में भर्ती कराए गए घायल, फरार चालक की तलाश तेज
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे होमगार्ड शीलू कुमार, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार और बाइक पर बैठे रामकिशोर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों घायलों को अछल्दा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र सिंह और यूपी 112 प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रैक्टर और उसके अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।