अन्ना जानवरों को प्राथमिक विद्यालय में बंद किया
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट में मऊ क्षेत्र के ग्राम खपटिहा गांव में किसानों ने अन्ना जानवरों से तंग आकर मवेशियों को प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया। सोमवार को बच्चे स्कूल पहुंचे तो अन्ना मवेशियों को वहां बंद देख वापस घर लौट गए।
किसानों का कहना है कि जब तक अन्ना जानवरों की कोई उचित व्यवस्था शासन द्वारा नहीं की जाती है तब तक मवेशी यहीं बंद रहेंगे। जानवरों के कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो रही हैं।
वहीं औरैया में कंचौसी गांव पंचायत के मजरा शाहपुर प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों ने अन्ना मवेशियों को स्कूल में बंद कर दिया।
किसानाें ने अन्ना पशुओं को स्कूल में किया बंद ,बच्चे परेशान
उरई के बंगरा में रविवार रात किसानाें ने अन्ना जानवरों से परेशान हो कर तमाम मवेशियों को कस्बे के कन्या प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। जिससे सोमवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे परेशान रहे।
अन्ना जानवरों के आतंक से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। रविवार रात किसानों का धैर्य जब जवाब दे गया तो कस्बे के दर्जनों किसानों ने एकजुट होकर कस्बे में मौजूद अन्ना जानवरों को कुदारी मोड पर मौजूद कन्या प्राथमिक विद्यालय के गेट का ताला तोडकर उसमें बंद कर दिया और स्कूल के बाहर ही डेरा डालकर बैठ गए।
सुबह जब स्कूल खुलने के वक्त दर्जनों बच्चे, प्रधानाध्यापिका मीरा देवी और सहायक पुण्य प्रताप, आशुतोष, राजकमल आदि पहुंचे तो विद्यालय परिसर में जानवरों को देख कर हैरान रह गए। जानवरों को स्कूल में बन्द करने की अफरातफरी के दौरान एक गौवंश की मौत भी हो गई।