एंबुलेंस सेवा उत्तर प्रदेश सरकार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट के जिला अस्पताल में प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही। रविवार को बुखार से पीड़ित बालिका की मौत के बाद परिजन शव वाहन की मांग करते रहे लेकिन डेढ़ घंटे तक उन्हें वाहन नहीं मिला।
जिससे परेशान होकर परिजन शव बाइक से लेकर गांव चले गए। रविवार को शिवरामपुर के रानीपुर निवासी पूजा देवी पुत्री मनोज की बुखार पीड़ित होने के कारण मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल स्टाफ से शव वाहन दिलाने की मांग करते रहे।
लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आधे घंटे बाद मौजूद स्टाफ ने शव वाहन दिलाने को कहा लेकिन वाहन नहीं मिला। परिजनों के अनुसार स्टाफ ने बताया कि शव वाहन पोस्टमार्टम हाउस में खड़ा है। अस्पताल से यहां की दूरी लगभग चार किमी है।
इसके बाद भी डेढ़ घंटे तक वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन शव को बाइक से लेकर गांव चले गए। इस मामले में सीएमएस डॉ.एसएन मिश्रा ने बताया कि इस मामले में स्टाफ से पूछताछ की गई है। पीड़ित परिजनों की मांग पर तत्काल शव वाहन बुलाया गया था लेकिन परिजनों ने इंतजार नहीं किया।