हरदोई जिले के पाली में किसान को गोली मारे जाने की घटना और उसके बाद बिगड़े हालात पर एसपी अजय कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह अभद्र टिप्पणी की शिकायत पुलिस से करने से नाराज युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मजदूरी लेने गए किसान को मारपीट कर गोली मार दी थी।
पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल किसान को लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के डेढ़ घंटे बाद भी पुलिस के मौके पर न पहुंचने से नाराज किसान के परिजनों और ग्रामीणों ने पाली-रूपापुर मार्ग पर तख्त रखकर जाम लगा दिया।
इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों और घायल के परिजनों से अभद्रता कर लाठी फटकारीं। इससे हालात बिगड़ गए। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और सीओ सिटी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। एसपी अजय कुमार ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह से पाली कांड को लेकर रिपोर्ट मांगी गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पाली थाने के उपनिरीक्षक अनिल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संबंधित क्षेत्र के बीट सिपाही योगेंद्र कुमार को निलंबित किए जाने की जानकारी एसपी ने दी है।