कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के मक्का पुरवा के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे किसान को टक्कर मार दी। हादसे में घायल को स्थानीय लोग सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मक्का पुरवा निवासी शिवपाल (70) किसान थे। पुत्र विनोद ने बताया कि पिता प्रतिदिन की तरह मंगलवार तड़के चार बजे के करीब खेतों की ओर शौच के लिए जा रहे थे। गांव के बाहर राम गंगा नहर किनारे पहुंचने पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार घायल कर दिया। काफी देर तक वह सड़क किनारे पड़े रहे। इस बीच खेतों की ओर जा रहे अन्य किसानों ने हादसे की जानकारी दी।
इस बीच स्थानीय लोग उन्हें लेकर सीएचसी शिवली पहुंचाया। सीएचसी लाने पर डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर अनहोनी की जानकारी पर पुत्र विनोद, रामलखन, रामबिहारी, पुत्री मीना, नीतू, रामबती, आशा बिलखती रही। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है। शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।