कानपुर देहात। मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री रोकने के लिए जनपद में खाद्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा। इसके तहत सोमवार देर शाम शासन से गठित विशेष सचल दल ने रनियां स्थित चार खाद्य तेल फैक्टरियों में छापा मारा।
टीम ने चारों फैक्टरियों से 2.79 करोड़ रुपये कीमत के कुल 16 प्रकार के ब्रांड का 1.62 लाख लीटर तेल सीज कर दिया। इसके अलावा 30 नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
ललितपुर के सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय विनोद कुमार शर्मा की टीम ने वैभव एडिबल्स में छापा मार कर शहनाई ब्रांड रिफाइंड व सरसों, कुल्लू ब्रांड रिफाइंड तेल के 10 नमूने लिए। मिसलीडिंग तीन ब्रांड पैकिंग पर 1.47 करोड़ कीमत का 96189 लीटर खाद्य तेल सीज किया। हमीरपुर के सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय डॉ. गौरी शंकर की टीम ने खाद्य तेल के कानपुर एडिबल्स से आठ नमूने लिए। मयूर ब्रांड कच्ची घानी व जोश मयूर ब्रांड कच्ची घानी सरसों तेल की 41.53 लाख कीमत की 18822 लीटर तेल की खेप सीज कर दी।
इसी प्रकार अमेठी के सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सतीष कुमार की टीम ने अग्रवाल एग्रो सेल्स में छापा मार कर तेल के पांच नमूने भरे। फ्यूचुरा ब्रांड रिफाइंड सोयाबीन तेल व सोया गोल्ड रिफाइंड पॉम ऑयल समेत मिसलीडिंग चार ब्रांड 30.54 लाख कीमत का 19076 लीटर तेल सीज किया। वहीं, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय आंबेडकर नगर श्रवण कुमार व बाराबंकी के शैलेंद्र प्रताप की टीम ने एक तेल बनाने वाली फैक्टरी में छापा मार सात नमूने लिए। मिसलीडिंग ब्रांड (गुमराह करने वाले नाम) पैकिंग पर 59.32 लाख रुपये कीमत के 27210.96 लीटर खाद्य तेल सीज कर दिया।
.........................
खाद्य सुरक्षा टीम ने सोमवार शाम अचानक फैक्टरी में धावा बोल दिया। होली के समय यह उचित नहीं है। यदि उत्पाद पर शंका है तो जांच प्रतिमाह करनी चाहिए। कंपनी प्रबंधन ने ब्रांड नाम तय किए गए। - विजय गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर, वैभव एडिबल्स
..........
खाद्य सुरक्षा टीम ने रिफाइंड, सोया तेल आदि से करीब आठ सैंपल लिए है। टीम के द्वारा प्लांट से लेकर प्रत्येक जगह का निरीक्षण किया है। टीम को निरीक्षण के दौरान सब कुछ संतोषजनक मिला है। बोतल में कच्ची धानी लिखकर और निचले हिस्से में रिफाइंड ऑयल का मामला मेरी फैक्टरी का नहीं है। - मनोज गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर, कानपुर एडिबल्स
............
टीम ने रनियां स्थित एक एकफैक्टरी समेत वैभव एडिबल्स, कानपुर एडिबल्स और अग्रवाल एग्रो सेल्स में छापा मार कर मिसलीडिंग ब्रांड पैकिंग पर 16 प्रकार के उत्पाद सीज किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.79 करोड़ रुपये है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय रामअवतार सिंह