उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के वसैना गांव में किसान का शव घर की कोठरी में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने आत्महत्या करने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पत्नी के अनुसार तीन माह पहले बेटी की शादी के लिए कुछ लोगों से कर्ज लिया था।
जिसे चुकता न कर पाने से तनाव में रह रहे थे। थाना क्षेत्र के वसैना गांव निवासी अमृतलाल (45) पुत्र मंगल का शव शनिवार दोपहर घर के अंदर बनी कोठरी में लटका मिला। छोटा भाई बाबू किसी काम से कोठरी के अंदर गया तो शव लटका देख दंग रह गया।
उसके शोर मचाने पर अन्य परिजनों के साथ मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पत्नी विद्यावती ने बताया कि तीन माह पूर्व पति ने चार बच्चों में बड़ी बेटी की शादी की थी। शादी में उसने कुछ लोगों से उधार रुपये लिए थे।
जिसे चुकता करने की सोच में वह तनाव में रहते थे। तनाव के चलते ही फंदे से लटककर जान दे दी। बताया कि पति के पास एक बीघा से भी कम खेती थी। खेती के अलावा मजदूरी कर वह परिवार का गुजारा चलाते थे।