सरवनखेड़ा। गजनेर के कृपारामपुर गांव में लटकते एचटी तार की चपेट में आकर करंट से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। वह बेटे के तिलक के लिए बनाए जा रही मिठाई के लिए किराना का सामान लेने कठेठी बाजार जा रहे थे। अनहोनी पर खुशी वाले घर में मातम छा गया।
कृपारामपुर निवासी दुर्गेंद्र सिंह (53) किसान थे। उनके बड़े बेटे शिवेंद्र की शादी घाटमपुर क्षेत्र के हथेरुवा गांव से तय है। मंगलवार को तिलकोत्सव की रस्म प्रस्तावित है। इसको लेकर घर में हलवाई मिठाई व अन्य व्यंजन बना रहे थे। देर शाम हलवाई ने किराना का कुछ सामान कम होने की जानकारी दी। इस पर दुर्गेंद्र बाइक से नजदीक के बाजार जा रहे थे। रास्ते में वह प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे तो वहां से निकली मोबाइल टॉवर की एचटी लाइन के लटकते तार की चपेट में आ गए। तार में उलझ कर वह बाइक समेत वहीं गिर गए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। प्रधान पति महेंद्र ने उपकेंद्र गजनेर में सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके साथ ही परिजनों को जानकारी दी। परिजन दुर्गेंद्र सिंह को बेहोशी की हालत में गजनेर सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खुशी के मौके पर अनहोनी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी कमला देवी दहाड़े मार कर रोने लगी तो बेटा शिवेंद्र व विक्की की रोने लगे। गजनेर उपकेंद्र के जेई मयंक सिंह ने बताया कि तार टूटने की जानकारी नहीं मिली। करंट से किसान की मौत की जानकारी मिली है। थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।