कानपुर। महाराजपुर थानाक्षेत्र में ट्यूबवेल बंद करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने ट्यूबवेल मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। किसान रामकुमार (55) किसानी करते थे।
बेटे रोहित ने बताया पिता रविवार दोपहर बारह बजे खेत में पानी लगा रहे थे। तभी ट्यूबवेल मालिक मंगतखेड़ा मजरा रहनस निवासी कल्लू तिवारी ने पिता से ट्यूबवेल बंद करने के लिए कहा। ट्यूबवेल बंद करने के दौरान पिता की तारों की चपेट में आने से मौत हो गई।
परिजनों ने कल्लू तिवारी तथा पवन तिवारी पर हत्या का आरोप लगाया। पीड़ित ने बताया तीन वर्ष पहले से कल्लू तिवारी से विवाद चल रहा था उसी की खुन्नस में जानबूझकर पिता की हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि इसके पूर्व भी आरोपियों ने कई बार पिता को अकेले बुलाया था।
महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजन जो तहरीर देंगे, उसी आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पत्नी राजकली, बेटी पूजा और बेटे राहुल मोहित का रो-रोकर बुरा हाल था।