रूरा। थाना क्षेत्र के काशीपुर सलेमपुर में गुरुवार सुबह आठ बजे के करीब खेत जुताई के दौरान एक किसान की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। परिजन ने चालक पर ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप लगा हंगामा किया। एसडीएम व सीओ ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया। पीड़ित के भाई ने ट्रैक्टर चालक पर गैरइरादतन हत्या व उसके भाई पर गाली-गलौज व धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सलेमपुर निवासी रामगोपाल उर्फ कल्लू (25) खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। बड़े भाई हेमराज ने बताया कि वह तीन भाई हैं। राम गोपाल अविवाहित थे और खेती किसानी में हाथ बंटाते थे। बताया कि गुरुवार सुबह भाई गांव के शैलेंद्र यादव का ट्रैक्टर लेकर खेत पर जुताई कराने के लिए गए थे। आरोप लगाया कि चालक शैलेंद्र यादव ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए भाई के ऊपर चढ़ा दिया। रोटावेटर में फंस जाने से भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
अनहोनी की जानकारी पर जब वह व परिजन मौके पर पहुंचे तो चालक मौके से गायब था। इस पर जब वह चालक के घर उल्हाना देने गए तो चालक के भाई सुरेंद्र, धीरेंद्र, बच्चा ने उनके साथ गाली-गलौज कर धमकी दी। इधर रोते बिलखते पहुंचे परिजन व अन्य रिश्तेदार कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
हादसे की जानकारी पर पहुंचे एसडीएम मैथा राजकुमार पांडेय, सीओ सदर संजय सिंह, शिवली थानाध्यक्ष प्रवीण यादव, रूरा थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रूरा थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि किसान के भाई की तहरीर के आधार पर चालक पर गैर इरादतन हत्या व उसके भाइयों पर गाली-गलौज व धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
..................
विधायक ने पहुंच बंधाया ढांढस
किसान रामगोपाल की मौत की जानकारी पर उसके परिजन रोते बिलखते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। बड़े भाई हेमराज ने बताया कि वह तीन भाई थे। दूसरे नंबर के भाई संग्राम सिंह की पांच साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से छोटा भाई रामगोपाल संग्राम सिंह की पत्नी किरन देवी, बेटे शिव व ओम के साथ रहता था। अनहोनी पर परिवार के लोग बिलखते रहे। जिन्हें परिजन ढांढस बंधाते रहे। इधर घटना की जानकारी पर रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही। उनके साथ संतोष प्रताप सिंह, हेमंत सिंह हेमू, अमित सिंह, अरविंद संखवार, सुशील मिश्रा, सोमवीर सिंह आदि ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।