चित्रकूट जिले के मानिकपुर में शिकारियों के बिछाए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव निवासी किसान शनिवार की रात को अपने ट्यूब बेल से घर की ओर जा रहा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि जंगली जानवरों का शिकार करने आने वाले लोग ही खेत के पास करंट प्रवाहित तार लगाते हैं।
मानिकपुर तहसील क्षेत्र के बहिलपुरवा थानांतर्गत शीतलपुर तरौंहा निवासी किसान अवधनरेश (42) पुत्र जौहरीलाल पटेल अपने खेत स्थित ट्यूब बेल से रात को लगभग आठ बजे घर आ रहा था। रासते में एक खेत के पास जंगली जानवरों को मारने के लिए शिकारी करंट प्रवाहित विद्युत तार बिछाए थे।
रात होने से वह खेत के पास पहले से बिछाई तार को नहीं देख पाया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। काफी रात तक उसके घर न पहुंचने पर परिजन खेत की ओर पता करने आए तो रास्ते में उसे पड़ा देख चीख पड़े। चीख पुकार सुनकर कई ग्रामीण एकत्र हो गए।
किसी तरह तार से किसान के पैर को हटाकर जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के एक पुत्र, दो पुत्री, पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने रविवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक किसान के पुत्र आदित्य बताया कि जिस किसी ने बिजली की तार फैलाई है उसका पता लगाया जा रहा है।
इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। अक्सर इस क्षेत्र में शिकारी इस तरह की हरकत करते हैं। थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्य ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। जैसी तहरीर मिलेगी उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।