रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में मंगलवार रात को चोर पीछे से एक घर में दाखिल हो गए। चोर कमरे में रखी अलमारी से नकदी व जेवर चोरी कर ले गए। सुबह तीन बजे के करीब जागे परिजन को घर का मेन गेट अंदर से बंद मिला। पुलिस ने छानबीन की है। पहाड़पुर निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि सोमवार रात को वह शाहबाजपुर नहर स्थित दुकान पर सो रहे थे। मंगलवार सुबह 3:10 बजे के करीब बेटी तनु ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। जब वह घर पहुंचे तो बेटी ने बताया कि वह भाई विकास, दादी राजरानी व मां के साथ घर के बाहर टिनशेड में सो रही थीं।
देर रात को पिछले हिस्से से घर में घुसे चोर कमरे के अंदर अलमारी व बक्से में रखी 3.5 लाख रुपये की नकदी, मां, दादी व उसके जेवर चोरी कर ले गए। सुबह तीन बजे जब वह कैंटीन के लिए दाल पीसने के लिए जगी तो घर का मेन गेट अंदर से बंद था। शक होने पर उसने भाई विकास को जगाया और दीवार के रास्ते से अंदर घुसकर दरवाजा खोला। इसके बाद परिजन ने कमरे में जाकर देखा तो नकदी व जेवर गायब थे। थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि सूचना पर घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।