कानपुर के अनवरगंज में रविवार शाम किसी ने गुलाबी बिल्डिंग में आतंकी छिपे होने की सूचना कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही सीओ सहित आधा दर्जन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और बिल्डिंग का चप्पा-चप्पा छान डाला। सूचना झूठी पाई गई। पुलिस सूचना देने वाले के पास पहुंची तो वह नशे में धुत था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।
सीओ अनवरगंज के मुताबिक शाम 5:30 बजे किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर कहा कि अनवरगंज की गुलाबी बिल्डिंग में तीन-चार आतंकी मौजूद हैं। वह असलहों से लैस हैं। सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।
सीओ सहित कलक्टरगंज, अनवरगंज, बादशाही नाका, मूलगंज, फीलखाना चमनगंज थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने पूरी बिल्डिंग की तलाशी ली। पर वहां कोई भी संदिग्ध नहीं मिला। फिर पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया, जिससे सूचना दी गई थी। तो इलाकाई निवासी राजू नाम के युवक ने फोन उठाया।
पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। सीओ के मुताबिक राजू नशे में धुत था। नशेबाजी के कारण उसने झूठी सूचना दी थी। पुलिस उसे फौरन थाने ले लिया। इंस्पेक्टर अनवरगंज ने बताया कि राजू पर कई थानों में लूट और चोरी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।