फर्जी जल निगम अधिकारी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले के अचलगंज में खुद को जल निगम अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले को पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया। नियुक्ति पत्र फर्जी निकलने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ कर रही है। हसनगंज कस्बा निवासी अवधेश पुत्र रामआसरे सहित 12 लोगों ने संयुक्त रूप से अचलगंज थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बिहार थाना क्षेत्र के पाटन निवासी सत्यप्रकाश व शहर के मोहल्ला लोधनहार निवासी कुलदीप श्रीवास्तव जून 2020 में उसके पास पहुंचे।
उसने खुद को जल निगम का अधिकारी बता इसी विभाग में ऑपरेटर पद पर नौकरी दिलवाने की बात कही। उसने सोचकर बताने की बात कही तो दोनाें बोलेरो गाड़ी से कई बार उसके पास आए और नियुक्ति पत्र देने का भरोसा दिलाया।
जालसाजों के झांसे में आकर उसने 1.60 लाख रुपये उन्हें दिए। इसके बाद जालसाजों ने नियुक्ति पत्र भी दे दिया। जब वह लोग जल निगम कार्यालय उन्नाव पहुंचे तो वहां कोई नियुक्ति पत्र जारी न किए जाने की जानकारी दी गई।
जालसाजों ने शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी अनिल से 3.60 लाख, बह्मनगर शुक्लागंज निवासी विवेक झा व हसनगंज निवासी मंगल सिंह से 2.50 लाख, शहर के मोहल्ला कासिम नगर जय हिंद से 1.65 लाख, हुसैन नगर निवासी मुकेश से 1.40 लाख, सीतापुर के मोहारी निवासी देवकुमार से 72 हजार व कई अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी की। पुलिस ने अवधेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसओ अतुल तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।