लोगों से ठगी करने के लिए जालसाज रोज नए-नए तरीके इजाद कर रहे है और लोगों को जमकर चूना लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में देखने को मिला है जहां ठगियों ने चूना लगाने के लिए एक फर्जी बैंक को ही खोल दिया और लोगों के लाखों रुपये लेकर गायब हो गए।
बिलग्राम चुंगी के पास फर्जी बैंक खोलकर पांच साल में धन दोगुना करने के नाम पर ग्राहकों के लाखों रुपये हड़प लिए। ठगी का शिकार महिलाओं ने बुधवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराने की मांग की है। बैंक के कार्यालय में ताला बंद है। आरोपी एजेंट व अन्य अधिकारी फरार हैं।
आवास विकास निवासी व्यक्ति ने एक अन्य युवक के साथ उन लोगों से संपर्क किया था
डेमो पिक
कोतवाली क्षेत्र के अब्दुलपुरवा निवासी कैसरजहां समेत छह महिलाओं ने एसपी विपिन कुमार मिश्र को बताया कि करीब पांच साल पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास निवासी व्यक्ति ने एक अन्य युवक के साथ उन लोगों से संपर्क किया था। उसने अपने को एजेंट व साथी को बैंक मैनेजर बताया। कहा कि बिलग्राम चुंगी के निकट सर्कुलर रोड पर पीएलडी कारपोरेशन सोसायटी के नाम से उनकी बैंक शाखा है।
यहां एक योजना के तहत एफडी व आरडी कराने पर महज पांच साल में रुपये दोगुने हो जाते हैं। उसके झांसे में आकर गांव निवासी खैरुनिन्नशा, आमिना, रुख्साना समेत करीब दस महिलाओं ने खाता खुलवाया था। उन लोगों ने हजारों रुपये के एफडी व आरडी खुलवाई थी। नियमित तौर से खातों में धनराशि जमा करते रहे। कई बार एजेंट और अधिकारियों ने उन लोगों को मीटिंग में बुलाकर अन्य योजनाओं को बारे में भी जानकारी दी।
एजेंट से संपर्क किया तो वह टरकाता रहा
डेमो पिक
इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। पांच साल पूरे होने पर धनराशि के भुगतान के लिए एजेंट से संपर्क किया तो वह टरकाता रहा। दबाव बनाने पर कुछ दिन पहले एजेंट ने चेक दिया था। जिन बैंक खातों की चेक मिली है, उनमें रुपये नहीं हैं। अब बैंक के दफ्तर में भी ताला पड़ा है। फरियादी महिलाओं का कहना था कि उन लोगों का करीब दस लाख रुपये जमा है। एसपी विपिन कुमार मिश्रा ने मामले की छानबीन कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।