शिवली। मैथा-रनियां मार्ग पर लालपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह बाइक सवार फैक्टरी कर्मी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है।
शिवली थाना क्षेत्र के तातमऊ निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि छोटा भाई सत्येंद्र सिंह (35) रनियां स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। रोज की भांति शुक्रवार सुबह वह ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर आ रहा था। मैथा-रनियां मार्ग पर लालपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे वह बाइक से उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा और मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। अनहोनी पर फैक्टरी कर्मी के भाई नरेंद्र, धर्मेंद्र, जितेंद्र, मां सावित्री, बहन गुड्डी, पिंकी व परिजन रोने लगे। शिवली थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि खंभे से बाइक टकराने से फैक्टरी कर्मी की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।