कानपुर देहात। संदलपुर ब्लॉक के सबलपुर गांव में खनन की जांच करने पहुंची राजस्व टीम के सामने खनन से जुड़े लोगों के तीखे तेवर देखने को मिले। आरोप है कि पिता-पुत्र ने अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा आज गाड़ी पकड़कर दिखाओ, कल फिर खनन करेंगे। इस बयान को लेकर मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें एक युवक राजस्व टीम से बोलता है कि हमारी गाड़ी पकड़ाओ, कल हम धानी डालने चले गए थे। इसके बाद युवक का पिता अधिकारियों से कहता है कि हम कहीं गए हों हमारी गाड़ी खड़ी है या मान लो जंगल में खड़ी है। मिट्टी फिर डालेंगे वहां से और तुम रोक कर बैठो, हमारी गाड़ी पकड़ा कर दिखा दो या सीज करवा दो। नायब तहसीलदार डेरापुर आशीष कुमार गुप्ता और लेखपाल अनुज कुमार चौबे संदलपुर ब्लॉक के लौवा गांव में खनन की शिकायत पर पैमाइश करने पहुंचे थे।
जांच के दौरान खनन से जुड़े पिता-पुत्र ने पिता-पुत्र ने अधिकारियों के सामने तीखी बयानबाजी की और उन्हें चुनौती दी। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है। मामले को लेकर नायब तहसीलदार ने खनिज विभाग को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नायब तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को परती की जमीन पर खनन की सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। मौके पर मिली ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ कर मंगलपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया था। वहां खनन कर रहे लोगों ने टीम के साथ बहस की। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी गई है। खनन करने वाले लोगों के पास खनन की अनुमति थी या नहीं इसके लिए खनिज विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। मामले में खनिज विभाग की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।