जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए विजय नगर चौराहे के फुटपाथ और चारों
कोनों को पक्का कर इसे और चौड़ा किया जाएगा। डीएम कौशलराज शर्मा ने सोमवार
को यहां का निरीक्षण करने के दौरान चौराहे का नया नक्शा देखकर जल्द ये काम
शुरू कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दिए।
कहा कि वित्तीय
वर्ष खत्म होने से पहले ही इसे पूरा कराएं। डीएम के प्रस्तावित
निरीक्षण की वजह से अधिकारियों ने विजय नगर चौराहे पर तो व्यवस्था चाक
चौबंद कर रखी थी, लेकिन डीएम ने चौराहे से सौ मीटर पहले फजलगंज की ओर सड़क
के दोनों ओर ट्रक, टेंपो और कारों का जमावड़ा देखकर गाड़ी वहीं रुकवा ली।
सड़क की दोनों लेन वाहनों के अतिक्रमण के कारण आधी रह गई थीं। उन्होंने
एसपी सिटी को बुलाकर हालात दिखाए। सीओ ट्रैफिक को जिम्मेदारी सौंपी गई कि
चौराहे से 50 मीटर की दूरी पर सड़क छोड़कर टेंपो खड़े हों। सड़क पर बिना
वजह ट्रक खड़े न हो पाएं। इसका पालन न करने वाले चालकों के खिलाफ एफआईआर
कराएं।
इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाकर चौराहे के
चौड़ीकरण का ले आउट देखा और निर्देश दिया कि चौराहे के कोनों को और चौड़ा
करने के लिए अतिक्रमण हटवाकर जगह निकालें।