कानपुर। आयकर विभाग ने नमकीन निर्माता मिल्टो फूड्स प्रोडक्ट कंपनी के ठिकानों पर शनिवार को अपना सर्वे अभियान समाप्त कर दिया। इस दौरान जांच-पड़ताल में अधिकारियों को 20 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त बिक्री का पता चला है जिसका कोई हिसाब कंपनी संचालक नहीं दे पाए। इसके अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त स्टॉक भी पाया गया है। बड़े पैमाने पर दस्तावेज जब्त किए गए हैं और कर चोरी के आकलन की प्रक्रिया जारी है।
आयकर विभाग की टीमों ने गुरुवार को कानपुर देहात के रनियां स्थित दो कारखानों के साथ-साथ कानपुर के साकेतनगर, पनकी और एक्सप्रेस रोड स्थित कंपनी के प्रतिष्ठानों पर सर्वे शुरू किया था। सूत्रों के अनुसार, कंपनी की ओर से बड़े पैमाने पर नकद में उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। जांच में कच्चा और तैयार माल के बीच पांच करोड़ रुपये से अधिक का अंतर सामने आया, जिसके संबंध में कंपनी संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कंपनी का कुल टर्नओवर लगभग 350 करोड़ रुपये बताया जा रहा है और इसके उत्पाद प्रदेश भर में आपूर्ति किए जाते हैं। कंपनी मोरानो ब्रांड नाम से नमकीन का उत्पादन करती है। इस कार्रवाई में कंपनी के सप्लायरों के ठिकानों पर भी सर्वे किया गया था।