कानपुर। अदालत में फैसले सुनाने वाले न्यायमूर्ति शनिवार को क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के लगाते और गेंदबाजों का सामना करते नजर आए। मौका था आठवें ऑल इंडिया लायर्स टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का। मैच में न्यायिक अधिकारियों ने अदालती कामकाज से इतर खेल के मैदान पर अपना दमखम दिखाया। आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में खेले गए मुकाबले में सुप्रीम कोर्ट इलेवन ने हाईकोर्ट इलेवन को आठ विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हाईकोर्ट इलेवन ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 63 रन बनाए। जस्टिस गौतम चौधरी ने 16, जस्टिस अजीत कुमार ने नाबाद 11 और जस्टिस राजीव लोचन शुक्ला ने नाबाद आठ रन का योगदान दिया। सुप्रीम कोर्ट इलेवन ने 7.2 ओवर में दो विकेट पर 64 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी ने नाबाद 16 और जस्टिस एम. अमरनाथ ने 16 रन बनाए। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और जस्टिस राजन राय ने चार-चार रन बनाए। इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के मुकाबलों के लिए इस बार ग्रीनपार्क के बजाय टीएसएच को चुना गया है। मैच के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण भंसाली, वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन राय, जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा, जस्टिस अजीत कुमार, जस्टिस गौतम चौधरी, जस्टिस अनीश कुमार गुप्ता, अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन और जिला जज अनमोल पाल आदि मौजूद रहे।