देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौराहे को चारों तरफ से घेरकर चक्काजाम कर दिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शास्त्री चौराहे पर सपा का विरोध-प्रदर्शन और धरना समाचार लिखे जाने तक लगातार जारी है।
चौराहे पर धरने पर बैठे सपाई, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
दिल्ली में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में जिला संगठन के आह्वान पर सैकड़ों सपा कार्यकर्ता शास्त्री चौराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चौराहे पर ही धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार विपक्ष की मजबूत आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे देश और प्रदेश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की ससम्मान रिहाई नहीं हो जाती, तब तक उनका यह आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
पुलिस फोर्स तैनात
शास्त्री चौराहे पर सपाइयों के अचानक शुरू हुए बड़े प्रदर्शन और चक्काजाम के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। चौराहे से होकर गुजरने वाले राहगीरों, और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और शहर के उच्च प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस अधिकारी उग्र प्रदर्शनकारियों को समझाने और धरना समाप्त कराकर यातायात सुचारु कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे शास्त्री चौराहे को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।