कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के लाभार्थियों के लिए हेल्पलाइन नंबर (1800113839) जारी किया गया है। लाभार्थी इस पर फोन करके संबंधित जानकारियां लेने के साथ ही अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।
ईएसआईसी के 64वें स्थापना दिवस पर यह जानकारी दी गई। इस दौरान ईएसआईसी के अपर आयुक्त आरके नायक ने यह भी बताया कि बीमा निगम की पहुंच इस साल के अंत तक सभी इलाकों में होगी। इससे लाभार्थियों के लिए इलाज पाना और भी आसान हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि फैक्ट्रियों, सड़क यातायात, होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमा, दुकान, शैक्षिक व चिकित्सा संस्थाएं जहां दस या उससे अधिक लोग काम कर रहे हैं और 15 हजार रुपये तक मानदेय पा रहे हैं, वे ईएसआईसी के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा के हकदार हैं।
बुधवार को सर्वोदय नगर स्थित पंचदीप भवन में हुए कार्यक्रम में डिप्टी डायरेक्टर सुमित शुक्ला ने पीएम नरेंद्र मोदी की दूसरी पीढ़ी के स्वास्थ्य सुधार की योजना ईएसआईसी-दो की चर्चा की।
उन्होंने ई हेल्थ रिकॉर्ड, ई टेलीमेडिसिन, डिस्पेंसरियों के उन्नयन, इंद्रधनुष प्रोजेक्ट, आयुष आदि की भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अनंत त्रिपाठी ने किया।
प्रभारी राज्य चिकित्सा आयुक्त डॉ. परमिंद्र कुमार, आईआईए के मनमोहन राजपाल व आलोक अग्रवाल, पीआईए के बृजेश अवस्थी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान अनीता सोनकर, आरएल वर्मा, एसएस श्रीवास्तव, जयप्रकाश, लक्ष्मन जी गुप्ता, डॉ. रवि शुक्ला आदि मौजूद रहे।