कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विवि में संचालित 63 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा आज से शुरू हो गई है। तीन पालियों में होने वाली परीक्षा में परीक्षार्थियों को आधा घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। कुल 63 पाठ्यक्रमों के लिए 17672 छात्र 13 केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
विज्ञापन
परीक्षा की तैयारियों को लेकर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। बताया गया कि पहली पाली सुबह 8 से 10 बजे, दूसरी पाली 11 से एक बजे और तीसरी पाली दोपहर दो से चार बजे तक चलेगी। प्रवेश पत्र के साथ परिचय पत्र भी लेकर आना होगा।
परीक्षा केंद्र में कैलकुलेटर, मोबाइल या अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रानिक यंत्र प्रतिबंधित हैं। परीक्षार्थी काले बॉल पेन से ओएमआर शीट भरेंगे। बैठक में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार, उप कुलसचिव प्रवेश परीक्षा विद्या नंद त्रिपाठी, सिस्टम मैनेजर डॉ. सरोज द्विवेदी, डॉ. अंशु यादव मौजूद रहे।