नगर में अब अतिक्रमणकारियों की खैर नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरु कर दी है। इसी तारतम्य में जीटी रोड पर एफएफडीसी से मकरंद नगर तिराहा तक अतिक्रमण अभियान चलाया गया।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान की शुरूआत की। पहले दिन अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारियों से दुकानदारों की नोकझोंक हुई। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया। शनिवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह और ईओ नीलम चौधरी ने पुलिस बल के साथ शहर के जीटी रोड पर एफएफडीसी से अतिक्रमण अभियान की शुरुआत की।
विज्ञापन
मकरंद नगर तिराहे पर अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों से नोकझोंक हुई। पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित दुकानदारों को शांत कराते हुए दूर हटाया। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी से टिनशेड और बने पक्के निर्माण को तोड़ दिया।
ईओ ने बताया कि शहर में अतिक्रमण अभियान शुरू किया गया है। प्रमुख सड़कों के बाद शहर के अंदर भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। वहीं, जिनको हटाया गया है, यदि वो वापस से अतिक्रमण करेंगे, तो एफआईआर दर्ज करा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अलुासर अतिक्रमण हटाओ अभियान की भनक लगते ही पूरे नगर में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया था। अवैध रूप से दुकान लगाने वाले सतर्क हो गए थे। एफएफडीसी से मकरंद नगर तिराहा तक चले अतिक्रमण अभियान में कुछ दुकानों को मोहलत भी दी गई।