पुखरायां। झांसी-कानपुर हाईवे पर भोगनीपुर चौराहा के पास ओवर ब्रिज के नीचे किए गए अतिक्रमण को एनएचएआई के कर्मचारियों ने बुधवार को हटवाया। इस दौरान कुछ दुकानदार अपनी दुकानें स्वयं हटाते दिखे। वहीं सभी को दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक तरवीन शेरावत ने टोल प्लाजा आटा से टीम भेजकर भोगनीपुर चौराहा में ओवरब्रिज के नीचे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इससे वाहनों को आवागमन में काफी राहत मिली। मैनेजर उत्तम ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोगों ने सामान रख दुकान लगा ली थी। उन्हें कुछ दिन पहले स्वयं से दुकानें हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया। बुधवार को पुलिस बल के साथ पहुंच कर अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई की गई। अब अतिक्रमण करने पर जुर्माना भी वसूला जाएगा।