कानपुर देहात। चौबेपुर-बेला राज्य मार्ग के 15 किमी हिस्से के चौड़ीकरण की व्यय वित्त समिति ने मंजूरी दी है। शासन की हरीझंडी मिलने पर काम शुरू होगा।
चौबेपुर-बेला राज्य मार्ग रसूलाबाद तक करीब 47 किमी लंबा है। यह मार्ग एक ओर जीटी रोड और दूसरी ओर इटावा व कन्नौज के मुख्य मार्गों को भी जोड़ता है। यहां से माल भाड़ा व सवारी आदि समेत करीब दो हजार वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रतापपुर, दिलीपनगर, शिवली, भेवान, गहिरा, बनापुर, कहिंजरी, अंगदपुर, दहेली, पहाड़ीपुर, रसूलाबाद, उसरी, बिलहा, सिठऊमताना, याकूबपुर भी इस मार्ग से जुड़े हैं। इन गांवों की करीब पचास हजार आबादी की आवाजाही भी रहती है।
सुगम परिवहन के लिए शासन से पहले चरण में चौबेपुर से शिवली रिंद नदी पुल तक 14 किमी हिस्से का चौड़ीकरण मंजूर किया है। इसका निर्माण कार्य भी चल रहा है। यह काम पूरा होने में करीब एक साल लगेगा। इधर, अब और पंद्रह किमी हिस्से के चौड़ीकरण की मंगलवार को व्यय वित्त समिति से मंजूरी मिली है।
यह हिस्सा शिवली में रिंद नदी पुल से लेकर रसूलाबाद की ओर बन्नापुर बंबा तक है। हालांकि शासन की हरीझंडी मिलने पर इस हिस्से का दस मीटर चौड़ीकरण शुरू होगा। इसके बाद रसूलाबाद तक करीब 18 किमी हिस्से की सड़क सात मीटर चौड़ाई वाली बचेगी। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के जेई नरेश बाबू ने बताया कि व्यय वित्त समिति की मंजूरी मिली है। अभी शासन की स्वीकृति शेष है। धनराशि आवंटन होने पर काम शुरू कराया जाएगा।
....................
2021 से भेजे जा चुके चौड़ीकरण के आठ प्रस्ताव
चौबेपुर-बेला मार्ग के शिवली से बन्नापुर तक हिस्से के सात मीटर से दस मीटर चौड़ीकरण की कवायद हो रही है। 2021 में डीपीआर भेजने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से अब तक आठ प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। पिछले साल भी व्यय वित्त समिति की मंजूरी मिली थी मगर शासन की हरीझंडी नहीं मिली। इसके बाद इस साल दोबारा प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। इस हिस्से के चौड़ीकरण की फिर से व्यय वित्त समिति ने मंजूरी दी है। अब गेंद शासन के पाले में है।