सिकंदरा में खलिहान की जमीन से कब्जा हटाती जेसीबी।
- फोटो : AKBARPUR
सिकंदरा। कस्बा के विकास नगर स्थित खलिहान की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को नगर पंचायत व राजस्व टीम ने हटवा दिया। सभासद की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर कार्रवाई हुई।
नगर पंचायत के विकास नगर के सभासद विकास कटियार ने डीएम डॉ. दिनेश चंद्र से गाटा संख्या 993 खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। सभासद ने बताया कि गांधी नगर निवासी अरसद अंसारी व रघुराज सचान ने खलिहान की भूमि पर झोपड़ी बना कर अवैध कब्जा कर लिया है। मामले की शिकायत एसडीएम रमेश चंद्र व नगर पंचायत के ईओ राजाराम से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब खलिहान की जमीन पर कब्जेदार ने पक्का मकान बनवाने के लिए ईंट व मौरंग डलवा ली है।
इसी तरह कस्बा स्थित पक्के तालाब के पास गाटा संख्या 982 की भूमि पर गांधी नगर निवासी उस्मान गनी ने पक्का निर्माण कराकर कब्जा कर लिया है। सभासद की शिकायत पर डीएम ने सिकंदरा एसडीएम को अवैध निर्माण ढहाने के निर्देश दिए। गुरुवार को राजस्व व नगर पंचायत की टीम ने खलिहान की जमीन से कब्जा हटवाया। कानूनगो नरेंद्र कुलश्रेष्ठ ने बताया कि गाटा संख्या 993 खलिहान की भूमि को लेखपाल तेज प्रताप सिंह, बसंत लाल, समीर शुक्ला ने थाना पुलिस की मौजूदगी में कब्जा मुक्त करा दिया है। ईओ राजाराम ने बताया कि पक्के तालाब के पास गाटा संख्या 982 की जमीन पर कब्जे का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।