कानपुर। कोहना थाना क्षेत्र में बिल्डर के कार्यालय में हुए चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। चोरी उनके कर्मी ने साथी संग की थी। पुलिस ने कर्मचारी शुक्लागंज के आदर्शनगर निवासी अर्जुन श्रीवास्तव उर्फ दीपू उसके साथी बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा निवासी हिमांशु गौड़ को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की चेकबुक, 12 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
एमराल्ड गार्डन टाॅवर नंबर चार निवासी विवेक शुक्ला की विनायक बिल्डर्स एंड सप्लायर्स नाम से फर्म है। उनका कार्यालय साईं कृपा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर ए-4 में है। उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि आठ नवंबर को कार्यालय से दो से तीन लाख रुपये, चेकबुक और फर्म से जुड़े जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। चोरी डिजिटल लाॅक खोलकर हुई है। इस पर पुलिस का शक करीबी पर घूम गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्यालय और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। फुटेज में हेलमेट पहने दो युवक स्कूटी से आते दिखाई दिए। कोहना थानाप्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल अर्जुन श्रीवास्तव फर्म में कर्मचारी है। विवेक ने पहले ही उसे डिजिटल लॉक का पासवर्ड बता रखा था। इसी जानकारी का फायदा उठाकर अर्जुन ने साथी हिमांशु के साथ चोरी की। अर्जुन ने बताया कि उस पर कर्ज था। तीन हजार और 1500 रुपये की दो ईएमआई चुकाने के साथ ही कुछ अन्य उधार भी लौटाना था। इसी के लिए उसने चोरी की। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।