डीएम ने बैठक में नहीं आने पर जल निगम के अधिशासी अभियंता का वेतन काटने के निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने यूपीसीडा और आवास-विकास के अफसरों को लंबित मामले जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यूपीसीडा के एक लंबित प्रकरण को सोमवार तक मुख्यालय स्तर से हल करने का निर्देश दिया। ऐसा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। आवास विकास के मामलों को तीन से चार दिन में हल करने के लिए कहा।
बैठक में दादानगर से विजयनगर रोड की जर्जर हाल का मुद्दा उठा। डीएम ने सड़क को 20 दिन के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में अनुपस्थित जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
औद्योगिक क्षेत्रों में अतिक्रमण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने एलएमएल तिराहे के पास ग्रीन बेल्ट से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। यूनिकेम इंडिया यूनिट की हाई टेंशन लाइन की समस्या को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए। होटल उद्योग को समय से गैस सिलिंडर आपूर्ति सुनिश्चित करने और मेसर्स प्रकृति पाइप्स और मेसर्स अभिषेक सराफ की इकाइयों की बैंक गारंटी तुरंत जारी करने का आदेश दिया गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार गुप्ता, अपर पुलिस उपायुक्त महेश कुमार, अधीक्षण अभियंता पीके सिंह, अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव आदि रहे।