झींझक। तेज हवा चलने के कारण कठिका पारेषण केंद्र से झींझक के नवीन विद्युत उपकेंद्र को आई 33 केवी लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे तीन घंटे कस्बा के दो वार्ड समेत 100 गांव की बिजली गुल रही। इधर लाइनमैन फाल्ट ठीक कर सुबह 10 बजे आपूर्ति बहाल कराई।
मौसम में बुधवार देर रात बदलाव हो गया। तेज हवाएं चलने से कई जगह फॉल्ट होने से बिजली कुछ देर के लिए गुल हो गई। वहीं, अक्षयवट आश्रम व जैतीपुर के पास नवीन उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन में सुबह सात बजे के करीब फाल्ट हो गया। फॉल्ट होते ही उपकेंद्र की बिजली ठप हो गई। इससे उपकेंद्र से जुड़े मंगलपुर, अकारू, औरंगाबाद, कांशीराम व भोलानगर फीडर बंद हो गए। इन फीडरों के बंद होने से लगरथा, गौरी, उइछा, सुरासी, मंगलपुर, मुंडेरा समेत सौ गांव व झींझक के भोलानगर व खानपुर रोड मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई।
सुबह के समय बिजली चले जाने की कारण लोग घरों में सबमर्सिबल नहीं चला सके। इससे पीने के पानी को लेकर परेशानी उठानी पड़ी। इधर मेन लाइन में फाल्ट होने की जानकारी मिलते ही लाइनमैन पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढने में जुट गए। फाल्ट मिलने पर उसे ठीक कराया गया। इधर लाइन के रास्ते में आ रही पेड़ की टहनियां काट कर हटाई गईं। जेई हरि प्रकाश ने बताया की आंधी के कारण 33 केवी लाइन में फाल्ट हुआ था। इससे आपूर्ति बाधित रही। सुबह 10 बजे फाल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।