झींझक। कठिका पारेषण केंद्र में मरम्मत कार्य की वजह से शुक्रवार को सौ गांवों व झींझक के दो मोहल्लों की बिजली चार घंटे गुल रही। पेयजल किल्लत संग उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब लोगों को राहत हुई।
कठिका पारेषण केंद्र से नवीन झींझक उपकेंद्र जुड़ा है। पारेषण केंद्र में मरम्मत कार्य कराए जाने को लेकर सुबह 7 बजे 33 केवी लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे नवीन झींझक उपकेंद्र से जुड़े कांशीराम, भोलानगर, मंगलपुर, अकारू, बान फीडर के मंगलपुर, मुडेरा, सुरासी, गौरी, औरंगाबाद, चिरखरी, लगरथा, लालपुर, मनकानपुर, चक्केपुरवा, नवाबपुर, शाहपुर, परजनी, बान समेत सौ गांवों व झींझक के भोलानगर व खानपुर रोड मोहल्ला की बिजली गुल हो गई।
घंटों बिजली गुल रही तो पेयजल किल्लत रही। लोगों को हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। इधर उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। जेई झींझक पंकज कुशवाहा ने बताया कि पारेषण केंद्र में मरम्मतीकरण को लेकर चार घंटे नवीन झींझक उपकेंद्र ठप रहा।