टूटा खंभा बदलते विद्युत कर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। क्षेत्र के नारीखेत गांव के सामने बुधवार को ट्रक की टक्कर से टूटा खंभा गुरुवार को बदल दिया गया। 28 घंटे बाद 19 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत महसूस की।
बुधवार दोपहर एक बजे नारीखेत गांव के पास ट्रक की टक्कर से न्यू रनियां उपकेंद्र को गई 33 केवी लाइन का खंभा टूट गया था। इससे नारीखेत, किशरवल, परसौली, करचल, करबक, बखरा, जोगीपुर, कुशलपुर, बिलई, भुजपुरा, हुलासीपुरवा, लच्छूपुरवा, मुन्नापुरवा, मडईयन, पतारी, सिहुराभावन, संतनगर, गदनपुर व धौकलपुर गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
गुरुवार दोपहर टूटे खंभे को बदलकर नया खंभा लगाया गया। इसके बाद बिजली लाइन दुरुस्त की गई। जेई प्रभात पांडेय ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे नया खंभा लगा दिया गया। इसके बाद लाइनों को दुरुस्त किया गया। शाम 5 बजे 19 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई। रनियां चौकी में ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।