राजपुर (कानपुर देहात)। जैनपुर उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में बुधवार रात वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) फट गया। हादसे में नजदीक मौजूद एसएसओ (सबस्टेशन ऑपरेटर) झुलस गया। जबकि दस गांवों की बिजली गुल हो गई। विद्युत कर्मियों ने घायल एसएसओ को पुखरायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उसकी हालत स्थिर बनी है।
जैनपुर उपकेंद्र में बुधवार की देर शाम भाल फीडर की वीसीबी में अचानक ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके के साथ चिंगारी निकल कर नजदीक ही मौजूद भोगनीपुर के ममर्खा गांव निवासी एसएसओ राम लखन (55) पर गिरी। इससे एसएसओ का चेहरा व शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलस गया। एसएसओ चीखते हुए कंट्रोल रूम से बाहर भागा। वहीं धमाके की आवाज सुनकर अन्य कर्मी पहुंच गए।
झुलसे एसएसओ को तत्काल पुखरायां के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। वहीं वीसीबी फटने से रात करीब पौने आठ बजे भाल, दिबैर, गणेशपुर, गुबार, पिचौरा सहित दस गांवों की बिजली गुल हो गई। एसडीओ अमितेश कुमार ने बताया कि वीसीबी की मरम्मत के लिए पुखरायां से टीम भेजी गई है। भाल गांव के फीडर से जुड़े गांवों की बिजली देर रात तक बहाल होने की उम्मीद है।