उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में पहाड़ी थाना अंतर्गत ओरा गांव के मजरा डिघरी के एक खेत में बिजली का हाईटेंशन तार टूटने से खेत में खड़ी 80 भेड़ों की मौत हो गई। जिसमें चार लाख से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। भेड़ पालक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मृतक भेड़ों का पोस्टमार्टम कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ओरा गांव का केदार पाल पुत्र बहादुरपाल अपनी सैकड़ाें भेड़ चराने के बाद 21 सितंबर को ओरा गांव के मजरा डिघरी में अपने खेत में रात्रि को छोड़ दिया। जहां आधी रात के समय विद्युत पोल की 11 हजार वोल्टेज की लाइन की तार टूटकर भेड़ों पर जा गिरी। जिससे मौके पर 80 भेड़ों की मौत हो गई। पीड़ित केदारपाल ने जिलाधिकारी को लिख पत्र में कहा है कि विद्युत लाइन एक वर्ष पूर्व लगाई गई थी। तार ढीली होने के बाद भी उसको सही नहीं किया गया। जिससे वह टूटकर खेतों में गिर गई।यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही से हुई है। 80 भेड़ों की मौत होने से लगभग 4 लाख का नुकसान हुआ है। भेड़ों के सहारे ही उसके परिवार की रोजी रोटी चलती थी।