उन्नाव। सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने अपनी मां संगीता सेंगर का जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशिता रद्द किए जाने से आहत होकर अपना एक वीडियो जारी किया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि मेरा नाम क्या है.. शायद अब इससे फर्क ही नहीं पड़ता, पर मेरा सरनेम सेंगर है। कहा कि उनकी मां 15 साल से जिला पंचायत सदस्य हैं। सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहीं हैं। निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपना हर दायित्व निभाती आ रही हैं। सभी सदस्यों ने उन्हे जिला पंचायत अध्यक्ष चुना था। आज एक महिला नेता की योग्यता, उनके अनुभव, मेहनत सब कुछ ताक पर रख दिया गया है। वीडियो में कहा है कि इस देश में महिलाओं के लिए रिजर्वेशन तो कर दिया गया, लेकिन जब चुनाव के लिए आगे आतीं हैं तो उनके पति या पिता कौन है.. यह क्यों महत्वपूर्ण हो जाता है। क्या एक औरत की योग्यता किसी की बीबी, बेटी या बहन होने से कम हो जाती है, उसकी खुद की कोई पहचान नहीं। मैं आप से बस अपनी मां की गलती पूछना चाहती हूं। वो दागी कैसे हैं। क्या मुझे और मेरी मां को अब सम्मान से जीने का हक नहीं है।