कानपुर से लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों को तो रेलवे पहले ही चित्रकूट एक्सप्रेस निरस्त कर झटका दे चुका है। अब रेलवे ने लखनऊ से कानपुर आने वाले दैनिक यात्रियों की भी उपयुक्त ट्रेन उत्सर्ग एक्सप्रेस को 15 मई से अगले निर्देश तक निरस्त कर दिया है।
प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस पहले ही निरस्त हो जाने से यात्री कानपुर आकर नौकरी नहीं कर पा रहे थे। रेलवे ने छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस (05083/05084) को 15 मई से अगले आदेश तक निरस्त कर दिया है।
यह ट्रेन लखनऊ सुबह सवा सात बजे पहुंचती थी और वहां के दैनिक नौकरीपेशा यात्रियों को सुबह कानपुर सेंट्रल 9:25 बजे पहुंचा देती थी। इसी तरह प्रतापगढ़ इंटरसिटी भी लखनऊ से सुबह आठ बजे चलकर सुबह 9:25 बजे कानपुर पहुंचा देती थी।
अब दोनों ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों के पास बस से या फिर अपने वाहन या टैक्सी से ही नौकरी करने का विकल्प बचा है। कानपुर से लखनऊ जाने वाले यात्री पहले ही चित्रकूट एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी को निरस्त करने से परेशान हैं।