जब तक देश की आबादी के 70 प्रतिशत लोग वैक्सीन नहीं लगवा लेते, तब तक दोनों डोज लेने के बाद भी ऐसा मास्क लगाना जरूरी है, जिससे सूर्य की रोशनी न दिखे। अमेरिका में घोषणा की गई है कि वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद मास्क लगाना जरूरी नहीं।
इसका कटाक्ष करते हुए फोर्टिस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल भार्गव ने कहा कि अमेरिका में एक किलोमीटर में 32 लोग रहते हैं, जबकि अपने देश में 12 हजार लोग रहते हैं। ऐसे में जब तक ज्यादा से ज्यादा लोगों में वैक्सीनेशन के बाद हर्ड इम्युनिटी विकसित नहीं हो जाती, तब तक हमें सावधान रहने की जरूरत है।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) उत्तर प्रदेश की ओर से ‘कोरोना को कैसे हराया जाए’ विषय पर शनिवार को हुए वेबिनार में डॉ. भार्गव ने बताया कि सर्दी, जुकाम, बुखार आते ही कोविड टेस्ट जरूर कराएं। खुद को आइसोलेट कर लें। कहा कि व्यापारी अपना काम करें लेकिन मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। घर, कार्यालय की खिड़की खुली रखें, पंखे तेज गति में चलाते रहें।