ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। इस दिन पैगंबर हजरत इब्राहीम अलैहस्सलाम की सुन्नत पर अमल करते हुए लोग कुर्बानी देंगे। बड़ी ईदगाह बेनाझाबर में बकरीद की नमाज सुबह 7:30 बजे होगी। इसके साथ शहर के ईदगाहों, जामा मस्जिदों और मस्जिदों में भी नमाज होगी। बाद में जानवरों की कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा।
फेथफुलगंज और सुजातगंज में पुरुषों के साथ महिलाएं भी जानवरों की कुर्बानी करेंगी। यहां एक ही पेश इमाम के पीछे महिलाएं और पुरुष ईद उल अजहा की नमाज अदा करेंगे। उलमा ने लोगों से अपील की है कि हंसी-खुशी के साथ पर्व मनाएं। यह ध्यान रखें कि आसपास रहने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। ईद उल अजहा की नमाज अदा करें। ऑल इंडिया गरीब नवाज काउंसिल के कौमी सदर मौलाना हाशिम अशरफी, मरकजी शहर काजी मुफ्ती डॉ. यूनुस रजा, ओवैसी रजवी, शहर काजी मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही आदि ने लोगों से मुल्क और समाज में खुशहाली, भाईचारे के लिए दुआ करने की अपील की।
देर रात तक बाजार में रही रौनक
बकरीद को लेकर रविवार की देर रात तक बाजारों में रौनक रही। सेंवई, कपड़े, ज्वैलरी आदि की दुकानों पर भीड़ दिखी। सूतफेनी के अलावा कई प्रकार की सेंवई लोगों की पहली पसंद रहीं। इसमें सबसे ज्यादा बनारसी सेंवई की मांग रही। बेकनगंज बाजार में सुबह से ही भीड़ रही। गर्मी की वजह से लोग शाम को ज्यादा निकले।
ईदगाहों में नमाज का समय
बगाही ईदगाह में सुबह 7.30 बजे, ईदगाह गद्दियाना में सुबह 08.30 बजे, सुजातगंज में सुबह 06.00 बजे, फेथफुलगंज में सुबह 06.30 बजे नमाज अदा की जाएगी।
शिया मुस्लिमों की मस्जिदों में नमाज का समय
मरकज इमाम जैनुल आबदीन रामादेवी में सुबह 07.30 बजे, जामा मस्जिद मकबरा ग्वालटोली में सुबह आठ और 11 बजे बजे, मस्जिद अहले बैत बेकनगंज में सुबह आठ बजे, मकतब इमामिया अजीतगंज में सुबह आठ बजे, मैदान सकेरा इस्टेट में सुबह 07.15 बजे, मस्जिद मीर जाफरी पटकापुर में सुबह नौ बजे, मस्जिद फूलवाली गली में सुबह नौ बजे, इमाम बारगाह मरहूम सैयद इमदाद हुसैन आवास विकास हंसपुरम में सुबह 08.30 बजे नमाज होगी।
इस गाइडलाइन का करें पालन
- कुर्बानी की फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर न डालें।
- उन्हीं जानवरों की कुर्बानी करें जो प्रतिबंधित नहीं हैं।
- कुर्बानी का तबर्रुक अच्छी तरह से पैक करके बांटें।
- तबर्रुक के तीन हिस्सों में एक हिस्सा गरीबों को दें।